वेब स्टोरी

जिम से बाहर निकल रहे युवक की गोली मारकर हत्या, राजधानी में दहशत का माहौल

लगातार अपराधों से सहमा दून, लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी

देहरादून- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह करीब सवा दस बजे व्यस्त राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी तीन हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय दो हमलावर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। खास बात यह है कि घटनास्थल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विक्रम शर्मा पर झारखंड में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2017 में उन्हें दून से गिरफ्तार किया गया था और 2021 में जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने देहरादून में प्रॉपर्टी कारोबार शुरू कर दिया था। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में झारखंड पुलिस से भी संपर्क साधा है ताकि उसके आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते कुछ दिनों  में ऋषिकेश,विकासनगर,पलटन बाजार,तिब्बती मार्केट और अब सिल्वर सिटी मॉल  में भी हत्या की वारदातें सामने आ चुकी हैं।

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed