LIVE अपडेट: मतदान जारी, 3 बजे तक उत्तराखंड में पड़े 49.24 प्रतिशत वोट, 120 साल की मरियम ने भी डाला वोट | Nation One

Uttarakhand Election Live update

उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर आज मतदान शुरू हो गया है । बता दें कि मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक होगा औऱ वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।
रिपोर्ट के अनुसार मसूरी और देहरादून में मतदान स्थल पर ईवीएम खराब हुई थी जिसे वोटिंग से पहले ठीक करा लिया गया है औऱ मतदान शुरू कर लिया गया है।

आइए जानते है उत्तराखंड के बाकी जिलो के हाल :

हरिद्वार

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कनखल के भगवान दास संस्कृत महाविद्यालय में मतदान किया है। साथ ही मदन कौशिक ने कहा उत्तराखंड इस बार भाजपा 60 से भी ज्यादा सीट पर जितने जा रही है।

अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरीगिरी महाराज और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद समेत कई साधु-संतों ने हरिद्वार में मतदान किया। वहीं बीजेपी प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने भी अपना वोट डाल दिया है।


योग गुरु बाबा रामदेव ने कनखल में अपने सहयोगी आचार्य बालकृष्ण के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। बता दें कि हरिद्वार में सबसे ज्यादा उन मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, जो पहली बार अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं।

ऋषिकेश

वहीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रेम चंद अग्रवाल ने भी ऋषिकेश में वोट किया।

आम आदमी पार्टी के सीएम फेस AAP प्रत्याशी अजय कोठियाल ने वोट डालने के बाद कहा कि हमने उत्तराखंड में बेहतर स्कूल-अस्पताल, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के हक, सैनिकों के सम्मान और उत्तराखंड की परिसंपत्तियों को वापस दिलाने के लिए वोट किया। उत्तराखंड की जनता से अपील करते हैं इस बार अपने परिवार के बेहतर भविष्य और उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए अवश्य वोट करें।

वही वोटिंग के बीच बूथ संख्या 138 में एक वोटर के खिलाफ मतदान की गोपनीयता भंग करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

अमन खड़ायत नामक शख्स ने पोलिंग बूथ के अंदर की फोटो फेसबूक के माध्यम से सोशल मीडिया में वायरल कर दी।

पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ जिले में कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने भी मतदान किया है।

रुड़की की रामपुर गांव निवासी 120 वर्षीय मरियम जो बोलने में और चलने में असमर्थ हैं उन्होने भी मतदान किया। बता दें कि रुड़की के मुस्लिम क्षेत्रों में मतदान के लिए सुबह से ही लगने लगी लंबी कतारें।

रुद्रपुर

वहीं रुद्रपुर मे मतदान के बीच बवाल खड़ा हो गया। बूथ नंबर 24 में मतदाता पर्ची के पीछे बीजेपी प्रत्याशी फोटो छपी होने पर कांग्रेस प्रत्याशी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शरू कर दिया। मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

नैनीताल

नैनीताल में सुबह से ही मतदान स्थलों पर ही मतदाताओं की भीड़ उमडी है। मतदान कार्मचारी पीपीई किट पहनकर ड्यूटी कर रहे हैं। यहां 63 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज 7,75,899 मतदाता करेंगे। नैनीताल जनपद में 3,71,181 महिलाएं और 4,04,706 पुरुष मतदाता हैं। 12 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। बता दें कि लालकुआं विधानसभा सीट से 13 उम्मीदवार, भीमताल से 10, नैनीताल से 5, हल्द्वानी से 13, कालाढूंगी से 11 और रामनगर विधानसभा सीट से 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जिला प्रशासन ने नैनीताल जनपद को 35 जोन और 106 सेक्टर में बांटा है। निर्वाचन विभाग ने नैनीताल जनपद में 635 मतदेय स्थान बनाए हैं। जहां पर 1008 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

चमोली

चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने गोपेश्वर स्थित आदर्श मतदान केंद्र में मताधिकार का प्रयोग किया। चमोली की जनता से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

हल्द्वानी

हल्द्वानी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शोएब अहमद में विवेकानंद स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शोएब अपनी पत्नी समेत मतदान केंद्र पहुंचे और सुबह 9 बजे वोट डाला।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 98 नंबर बूथ पर जाकर वोटिंग की। इस दौरान पुष्कर धामी के साथ उनकी पत्नी गीता पुष्कर धामी और उनकी माता भी मौजूद थीं।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने परिवार के साथ मतदान किया है। उन्होंने अपने मत का प्रयोग करते हुए कहा कि हर किसी को लोकतंत्र के महापर्व में अपनी आहुति देनी चाहिए।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने आज सुबह अपने मत का प्रयोग कर दिया। उनकी बेटी आरुषि निशंक भी उनके साथ थीं।

मसूरी

सुबह से ही लोग मतदान केंद्र में भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि वह विकास को लेकर वोट देना चाहते हैं।

उधम सिंह नगर

उधम सिंह नगर जनपद मे सुबह 8 बजे से शांतिपूर्वक मतदान शुरू हो गया है। बता दें कि जनपद की 9 विधानसभाओं में 13 लाख मतदाता हैं, जो 72 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं।

दिव्यांग और बुजुर्गों को मतदान करने में परेशानी न हो इसके लिए एक दिव्यांग बूथ, 3 आदर्श और दो सखी बूथ बनाए गए हैं।

देवप्रयाग

वहीं देवप्रयाग मे 12 फरवरी को चुनाव प्रचार खत्म हुआ तो उस रात से प्रत्याशियों पर हमले की घटनाएं भी शुरू हुई हैं। बता दें कि पहले रुद्रप्रयाग सीट से यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी पर अराजक तत्वों ने हमला किया। फिर रुद्रप्रयाग सीट से ही निर्दलीय प्रत्याशी मातबर सिंह कंडारी पर हमला हुआ।

लेकिन बात यहां खत्म नही हुई देर रात देवप्रयाग से बीजेपी विधायक विनोद कंडारी के परिजनों पर भी हमला हुआ है। विनोद कंडारी के भाई और दो भतीजे हमले में घायल हुए हैं। तीनों को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है। विनोद कंडारी ने कीर्तिनगर कोतवाली में तहरीर दी है।

कीर्तिनगर कोतवाल भान चंद सिंह ने बताया कि हमला करने के आरोप में अमरीश भट्ट, सतेंद्र भट्ट और कांति सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोप लगाया गया है कि यूकेडी प्रत्याशी दिवाकर भट्ट के समर्थकों ने ये हमला किया था।

उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर आज मतदान होना है। उत्तराखंड में 632 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उत्तराखंड में कुल 42,38,890 पुरुष और 39,32,995 महिलाओं के साथ 40 अन्य वोटर शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 94,471 सर्विस वोटर भी हैं।