वेब स्टोरी

खटीमा में जहरीले पेय से दो की मौत, एक युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा

खटीमा- खटीमा क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां संदिग्ध पेय पदार्थ के सेवन से दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कंजाबाग रोड क्षेत्र में कुछ लोग एक वाहन में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने किसी अज्ञात तरल पदार्थ को पानी समझकर शराब में मिला लिया। कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया। इलाज के दौरान मलकीत सिंह राणा ने भी दम तोड़ दिया, जबकि प्रवेश राणा का उपचार जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतलें और एक संदिग्ध तरल पदार्थ की बोतल बरामद की है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तरल पदार्थ किसी रासायनिक या जहरीले केमिकल का हो सकता है।

खटीमा उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वी.पी. सिंह के अनुसार, पीड़ितों के शरीर से तीव्र केमिकल गंध आ रही थी, जिससे मिथाइल अल्कोहल जैसे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध पदार्थ का सेवन न करें।

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed