अमरावती: आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। जिसमे 12 लोगों की जान चली गई वहीं 30 लोग लापता है।
पूर्वी गोदावरी जिले में गोदावरी नदी में एक पर्यटन नौका पलटने से कई लोगों के डूबने की आशंका है। अब तक 12 शवों को बरामद किया गया है। जबकि करीब 30 लोग अभी भी लापता हैं। वहीं 18 लोगों को बचा लिया गया है। गोदावरी नदी पिछले कुछ दिनों से पूरे उफान पर है। पूर्वी गोदावरी जिला पुलिस अधीक्षक अदनान अस्मी ने कहा, ‘‘हम ज्यादा जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
वहीं मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों से कहा है कि राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया जाए। मुख्यमंत्री के आदेश पर पर्यटन मंत्री अवंति श्रिनिवास घटना स्थल पर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है।
सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित नौका पर करीब 60 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के करीब 11 सदस्य भी शामिल हैं। नौका कच्चुलुरु के पास पलट गई। नाव गंडीपोचम्मा से पापीकोंडा जा रही थी। बताया जाता है कि नाव पर सवार अधिकांश यात्री लाइफ जैकेट पहने हुए हैं। मुख्य सचिव ने बताया कि दुर्घटना के पीड़ितों का पता लगाने के लिए एक हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड के इन 6 जिलों में आज बारिश की चेतावनी…