देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 78 दशमलव दो आठ प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 79 हजार दो सौ 92 मरीज़ों के स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक 38 लाख 59 हजार तीन सौ 99 लोग ठीक हो चुके हैं। स्वस्थ होने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और वर्तमान में संक्रमितों की कुल संख्या 20 दशमलव तीन छह प्रतिशत रह गई हैं।
मंत्रालय के अनुसार सरकार की टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट रणनीति के प्रभावी क्रियान्वयन से मृत्युदर में कमी आई है और स्वस्थ होने की दर में बढोतरी हुई है। इस समय देश में इस संक्रमण से मरने वालों की दर एक दशमलव छह चार प्रतिशत रह गई है।
वर्तमान में देश में सक्रिय मामलों की संख्या नौ लाख 90 हजार 61 है। पिछले 24 घंटों के दौरान एक हजार 54 लोगों की इस वायरस से मौत हुई है। मृतकों का आंकड़ा 80 हजार 776 पर पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 10 लाख 72 हजार 845 नमूनों की जांच की गई। देश में अब तक पांच करोड़ 83 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।