शुक्रवार को कांग्रेस ने सचिवालय में मीडिया पर लगाई जा रही पाबंदी को लोकतंत्र के खिलाफ साजिश करार दिया है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल और मंत्रीप्रसाद नैथानी ने मीडिया से बातचीत में सरकार पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आखिरकार क्या वजह है कि सरकार मीडिया के सचिवालय में अनुभागों में जाने पर रोक लगा रही है? यह साबित करता है कि सरकार को अपने सिस्टम पर नियंत्रण नहीं और कुछ न कुछ साजिश की जा रही है। हाल में होने वाले निकाय और फिर लोकसभा चुनाव को भी कांग्रेस नेताओं ने सरकार के फैसले से जोड़ा। कहा कि सरकार नहीं चाहती की कि उसका झूठ मीडिया के सामने आए। राजस्थान में भाजपा सरकार ने यही करने की कोशिश की थी लेकिन कामयाब नहीं हो पाई।
सचिवालय में मीडिया पर पाबंदी नहीं: भाजपा
उत्तराखंड में भी यह साजिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। कांग्रेस इसके लिए सड़कों पर उतरना पड़ा तो उससे भी गुरेज नहीं करेगी। दूसरी तरफ, राज्य के कुछ निकायों की सीमा विस्तार फैसला संशोधित हो जाने पर पूर्व काबीना मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी ने आज से प्रस्तावित भूखहड़ताल वापस ले ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान केदारनाथ विधायक मनोज रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, जोत सिंह बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, राजेंश शर्मा, आदि मौजूद रहे।