ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

NEWS : मॉस्को हमले में 28 शव टॉयलेट में मिले, मृतकों की संख्या 133 पहुंची, पढ़ें | Nation One 

NEWS : मॉस्को में बर्बर आतंकी हमले के बाद रूस की सुरक्षा एजेंसियां एक्शन में आ गई हैं। इस मामले में शनिवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया। अब तक 11 लोगों को पकड़ा जा चुका है। इनमें 4 आतंकी भी शामिल हैं, जिन्होंने कथित तौर पर कॉन्सर्ट हॉल में गोलियां चलाईं थीं। मृतकों की संख्या 133 पहुंच चुकी है। 107 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

NEWS : हमले के पीछे उनका युद्धग्रस्त देश नहीं

आतंकी समूह आईएसआईएस ने इस कायराना हमले की जिम्मेदारी ली है। इस बीच, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि हमले के पीछे उनका युद्धग्रस्त देश नहीं है। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने दावा किया है कि हमलावरों को यूक्रेन से मदद मिली थी।

रूसी अधिकारियों ने पहले कहा था कि गोलीबारी में 143 लोग मारे गए। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि 24 घंटे से अधिक चले सर्च ऑपरेशन के बाद 133 शव मिले हैं। 107 लोग घायल हैं। उनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। 

NEWS : मॉस्को आतंकी हमले की बड़ी बातें

  • रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि अधिकारियों ने चार बंदूकधारियों सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया है। हमलावरों ने छिपने की कोशिश की और यूक्रेन की ओर चले गए। सीमा पार करने के लिए यूक्रेन की तरफ उनके लिए एक सेफ विंडो तैयार की गई थी।
  • रूस की एफएसबी सुरक्षा सेवा ने कहा कि बंदूकधारियों के संपर्क यूक्रेन में थे और उन्हें सीमा के पास पकड़ लिया गया। यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यह पुतिन और अन्य धोखेबाजों की खासियत है कि वे दोषारोपण करना चाहते हैं।
  • यूक्रेनी सैन्य खुफिया प्रवक्ता एंड्री युसोव ने बताया कि उनका देश इस आतंकी हमले में शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि देश रूसी आक्रमण के खिलाफ अपनी रक्षा कर रहा है। यूक्रेन कब्जाधारियों की सेना के खिलाफ लड़ रहा है। हम नागरिकों के खिलाफ नहीं हैं।
  • पुतिन ने अपने संबोधन में हमले के सभी अपराधियों और आयोजकों को दंडित करने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि हम उन सभी लोगों की पहचान करेंगे और उन्हें दंडित करेंगे जो आतंकवादियों के पीछे खड़े हैं। 
  • संयुक्त राज्य अमेरिका के व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी सरकार ने मॉस्को में एक योजनाबद्ध हमले के बारे में रूस के साथ जानकारी साझा की थी। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने शनिवार को कहा कि इसमें किसी भी तरह की यूक्रेनी भागीदारी नहीं थी।
  • कुछ लोगों की मौत आतंकियों की गोली से हुई। जबकि अन्य की भीषण आग में झुलसकर मौत हुई। बंदूकधारियों ने कॉन्सर्ट हॉल में आग लगाने के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किया था। 28 शव शौचालय में और 14 शव सीढ़ियों पर पाए गए। 

NEWS

  • रूसी सांसद अलेक्जेंडर खिनशेटिन ने कहा कि हमलावर रेनॉल्ट गाड़ी से फरार हुए। पुलिस ने शुक्रवार रात मॉस्को से लगभग 340 किमी दक्षिण-पश्चिम में ब्रांस्क क्षेत्र में उन्हें देखा। कार का पीछा किया गया। कार में एक पिस्तौल, एक असॉल्ट राइफल की मैगजीन और ताजिकिस्तान के पासपोर्ट मिले।
  • इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) ने कहा कि उसके लड़ाके सैकड़ों लोगों को मारने और तबाही मचाने के बाद सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौट आए। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि जो बाइडेन प्रशासन के पास आईएसआईएस की जिम्मेदारी के दावे पर संदेह करने का कोई कारण नहीं है।
  • व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने शनिवार को एक बयान में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका मॉस्को में जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है। आईएसआईएस एक आम आतंकवादी दुश्मन है, जिसे हर जगह हराया जाना चाहिए।

Also Read : NEWS : केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कनाडा में प्रदर्शन, कई और देशों में भड़क सकता है आंदोलन | Nation One