कांग्रेस विधायक का बड़ा दावा, चीनी सेना ने अरुणाचल से 5 लोगों को किया अगवा | Nation One
लद्दाख में भारत और चीन के बीच गतिरोध नहीं थम रहा है। इस बीच अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर से चीनी सेना के 5 भारतीयों के अपहरण की बात सामने आई है। प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने यह चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने शनिवार को एक ट्वीट कर बताया कि चीनी सैनिकों ने 5 भारतीयों का अपहरण कर लिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से नागरिकों को छुड़ाने का अनुरोध किया। हालांकि उनके दावों की अभी तक कोई पुष्टि या कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।
निनॉन्ग ईरिंग ने ट्वीट कर कहा, ‘चौंकाने वाली खबर। हमारे राज्य अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबासिरी जिले के पांच लोगों का कथित तौर पर चीन के पीएलए द्वारा अपहरण कर लिया गया है। कुछ महीने पहले भी इसी तरह की घटना घटी थी। पीएलए और चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अगवा लोगों को छुड़ाए।
https://twitter.com/ninong_erring/status/1302028365914714113
निनोंग ने एक स्थानीय अखबार अरुणाचल टाइम्स की खबर भी साझा की है, जिसके मुताबिक जिन पांच लोगों को अगवा किया गया है वो टागीन समुदाय के हैं। कहा जा रहा है कि ये सारे लोग पास के जंगल में शिकार के लिए गए थे। जिन गांववालों का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया है, उनके नाम टोच सिंगकम, प्रसाद रिंगलिंग, डोंगटू इबिया, तनु बेकर और नार्गु डिरी बताया जा रहा है। वहीं दो लोग भागने में कामयाब रहे। हालांकि परिवार वालों ने अभी तक इस घटना की सूचना सेना या पुलिस को नहीं दी है। गांव वालों के मुताबिक शनिवार को इसकी खबर सेना को दी जाएगी।
बता दें कि पिछले कई महीनों से भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है। चीन ने कई बार भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश भी की है। हाल ही में चीन ने पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे के कुछ भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा करने कू कोशिश की, जिसे भारतीय सैनिकों ने नाकाम कर दिया। भारत और चीन के बीच लद्दाख सीमा को लेकर फिलहाल तनाव जारी है। भारत ने भारत ने अतिरिक्त बल और हथियारों को सीमा के पास इलाकों में भेज दिया है।