दिल्ली में अटल कैंटीन की शुरुआत, डिजिटल टोकन से 5 रुपये में मिलेगा भरपेट खाना, जानिए मेन्यू और समय
दिल्ली सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर गुरुवार को ‘अटल कैंटीन’ योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत जरूरतमंदों को सिर्फ 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अटल कैंटीन का ऐलान पहले ही भाजपा के दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किया गया था।
सरकार की योजना पूरे दिल्ली में 100 अटल कैंटीन खोलने की है। फिलहाल पहले चरण में 45 कैंटीन शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि अगले 15 दिनों के भीतर शेष 55 कैंटीन भी शुरू कर दी जाएंगी।
कैंटीन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल के जरिए दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। अटल कैंटीन में सम्मानजनक तरीके से 5 रुपये में भोजन मिलेगा, जबकि शेष 25 रुपये की सब्सिडी दिल्ली सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन आगे चलकर दिल्ली की पहचान बनेगी।
गुरुवार को आरके पुरम, जंगपुरा, शालीमार बाग, ग्रेटर कैलाश, राजौरी गार्डन, नरेला और बवाना सहित कई इलाकों में 45 अटल कैंटीन की शुरुआत हुई। बाकी कैंटीन जल्द ही शुरू की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती चरण के बाद लोगों की मांग और फीडबैक के आधार पर नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।
अटल कैंटीन में दिन में दो समय भोजन परोसा जाएगा। दोपहर का खाना सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और रात का खाना शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक कैंटीन में रोजाना लगभग 500 से 1000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मेन्यू में दाल-चावल, रोटी और सब्जी शामिल होगी।
भोजन वितरण के लिए मैन्युअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम लागू किया गया है। इसके साथ ही कैंटीन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
अटल कैंटीन में LPG चूल्हे, इंडस्ट्रियल RO वाटर सिस्टम और कोल्ड स्टोरेज जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यहां परोसे जाने वाले भोजन के सैंपल की नियमित जांच FSSAI और NABL से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराई जाएगी। कैंटीन संचालकों को हर महीने हाइजीन, स्टाफ की सेहत और सुरक्षा मानकों से जुड़ी रिपोर्ट भी देनी होगी।



















