
Wrestlers Protest : पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचीं प्रियंका गांधी, बृजभूषण पर की तीखी टिप्पणी | Nation One
Wrestlers Protest : WFI के अध्यक्ष बृज भूषण के खिलाफ पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार सात दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन में बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट जैसे बड़े पहलवान धरने पर बैठे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने बीते शुक्रवार को बृज भूषण सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दो FIR भी दर्ज की हैं।
वहीं धरने पर बैठे खिलाड़ियों के समर्थन में कई राजनीतिक पार्टियों के लोगों ने मिलना शुरु कर दिया है। आज सुबह कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी जंतर-मंतर पर पहलवानों से मिलने पहुंची। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी आज शाम को पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर जांएगे।
Wrestlers Protest : रेसलर्स से मिलने के बाद प्रियंका ने दिया बड़ा बयान
जंतर-मंतर पर पहलवानों की लड़ाई में उनका साथ देने पहुंची प्रियंका गांधी ने बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट से काफी देर तक बातचीत की और सभी पहलवानों से मुलाकात की। प्रियंका से मिलने के बाद धरने पर बैठी एक महिला रेसलर रोने लगी। हालांकि इसके बाद प्रियंका ने उन्हें चुप कराने की कोशिश भी की।
सभी रेसलर्स से मिलने के बाद प्रियंका ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा- ‘जो FIR दर्ज कराई गई है, उसमें क्या है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। वे इसे क्यों नहीं दिखा रहे हैं? जब ये पहलवान मैडल जीतते हैं तो हम सभी ट्वीट करते हैं और गर्व महसूस करते हैं लेकिन आज ये सड़क पर बैठे हैं और इन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।
ये सभी महिला पहलवान इस मुकाम तक आने के लिए काफी संघर्ष करती हैं, और मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि सरकार उन्हें (बृज भूषण शरण सिंह) क्यों बचा रही है?’
Wrestlers Protest : सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी पहुंचे जंतर-मंतर
हरियाण के सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी शुक्रवार की रात पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों की मांगों और धरने का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि जब तक बेटियों को न्याय नहीं मिलेगा न तो हम चैन से सोएंगे न ही इस सरकार को चैन से सोने देंगे। बेटियों को न्याय दिलाने के लिये कोई भी कुर्बानी देनी पड़ेगी तो हम पीछे नहीं हटेंगे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने पहलवानों का समर्थन करते हुए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर सीबीआइ से जांच कराने की मांग की।
वहीं, हिसार के भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह ने ट्वीट कर कहा कि पहलवानों को सड़कों पर विरोध करते देखना निराशाजनक है।
Also Read : ईरान में हत्या के जुर्म में युवक को फांसी की सजा, सर्वत्र निंदा | Nation One