अयोध्या में सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किए रामलला के दर्शन
अयोध्या - अयोध्या में बुधवार को भक्ति और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर संकट मोचन हनुमान के चरणों में श्रद्धा अर्पित की और प्रदेश व देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए और विधिविधान से आरती उतारी। इसके साथ ही राम दरबार में भी पूजा कर जनकल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह अयोध्या पहुंचे थे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक साथ धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
श्रीराम जन्मभूमि परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा भी आरोहित की गई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
दर्शन-पूजन के बाद जब मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











