बारातियों से भरी बस पलटने से 16 बाराती हुए घायल

शनिवार देर रात बारात की बस चंडीगढ़ से लक्सर वापस लौटते समय रामपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 16 बाराती घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों रुड़की स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लक्सर स्थित शिमली से एक बारात चंडीगढ़ गई थी।

चार लोगों को आई गंभीर चोटें

बारात वहां से वापस लौट रही थी। जैसे ही बारातियों से भरी बस रुड़की स्थित रामपुर के पास पहुंची। बस निर्माणाधीन बाईपास मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिस समय बस पलटी, बाराती गहरी नींद में सोए हुए थे। बस पलटते ही बारातियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायलों को रुड़की स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। बस पलटने से सोलह बाराती घायल हो गए। इसमें से चार लोगों को गंभीर चोटें आई।

सिविल अस्पताल में रात को तैनात डॉक्टर नवीन कुमार ने बताया कि रात को करीब सोलह बारातियों को यहां लाया गया था। इनमें से विकास (25), रोहित (23), कुलदीप (32), संजीव (35) को ज्यादा चोटें लगी थी। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया है। सीओ रुड़की स्वप्न किशोर ने कहा कि रामपुर के पास बारातियों की बस पलट गई थी। हादसे में 16 बाराती घायल हो गए थे। देर रात सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *