देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की मानें तो तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी की चेतावनी दी है।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने पर पहाड़ों पर बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। इससे मैदानी इलाकों का तापमान भी कम होगा।
इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में हल्की बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने जनवरी के पूरे हफ्ते उत्तर भारत में शीतलहर जारी रहने और तापमान में गिरावट दर्ज की भविष्यवाणी की है।
आईएमडी ने कहा कि 3 जनवरी तक पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा में शीत लहर चलने की संभावना है। भीषण शीत लहर के दौरान न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक गिरकर सामान्य से 6.4 डिग्री से ज्यादा हो जाता है।
दिल्ली में रविवार को कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आईएमडी ने दिल्ली में 3 जनवरी तक शीत लहर जारी रहने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है । दिल्ली में 7 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है।