कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल, मथुरा में कक्षा 8 तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद
मथुरा - उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मथुरा जिले में शीतलहर और गिरते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्डों पर समान रूप से लागू रहेगा।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जनपद के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि अवकाश के दौरान परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। साथ ही विभागीय स्तर पर समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी है, उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्र में पूर्ववत कार्य करना होगा।
मथुरा में बुधवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। गलन भरी ठंड और बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। दिनभर बादलों की चादर छाई रही और सूरज के दर्शन नहीं हो सके, जिससे ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई। अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आ रहा है। बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा, जबकि होटल और ढाबों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। स्कूल बंद होने से बच्चों ने घरों में समय बिताया, वहीं बुजुर्गों ने ठंड से बचने के लिए बाहर निकलने से परहेज किया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह के समय घना कोहरा हाईवे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर देखने को मिला, जिससे वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। अगले दो दिनों तक कोहरे और ठंड का असर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











