शाह ने वोटर अधिकार यात्रा को बताया ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’, कांग्रेस पर बोला हमला
सासाराम: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सासाराम में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में एनडीए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाए।
इस दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा नेता विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, राज्य मंत्री प्रेम कुमार, मंत्री संतोष कुमार सिंह और पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह भी मौजूद रहे।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना
अमित शाह ने राहुल गांधी की हालिया “वोटर अधिकार यात्रा” पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह यात्रा विकास, शिक्षा और रोजगार के लिए नहीं, बल्कि “घुसपैठियों को बचाने” के लिए निकाली गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि –क्या बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को मुफ्त राशन और नौकरी दी जानी चाहिए? क्या उन्हें वोट देने का अधिकार और 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए? शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं के अधिकार छीनकर घुसपैठियों को सौंपना चाहती है।
लालू यादव और घोटालों का जिक्र
अपने संबोधन में गृहमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू यादव पूरी जिंदगी मुख्यमंत्री बने रहें, तब भी उतना काम नहीं कर पाएंगे जितना एनडीए सरकार ने कुछ वर्षों में किया है।
उन्होंने लालू शासन को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला और लैंड फॉर जॉब घोटाले का जिक्र किया और कहा कि इन घोटालों ने बिहार को विकास की राह से भटका दिया।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.