काशीपुर में टेंट व्यापारी की हत्या का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी से मिलकर रची हत्या की साजिश
प्रतापपुर क्षेत्र में कार में खून से लथपथ मिले टेंट व्यापारी संजीव की मौत के मामले में मृतक की पत्नी की संलिप्तता सामने आई है। पत्नी के कहने पर ही उसी की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों ने अवैध तमंचे से गोली मारकर संजीव की हत्या की थी।
किशोर ने हत्या के बाद मृतक की पत्नी यानि प्रेमिका काम होने का मैसेज किया। मोबाइल की काल डिटेल और मैसेज से पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश किया।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि 17 अगस्त को कार में मृत मिले 24 वर्षीय संजीव कुमार के पंचनामे के दौरान गले पर मिले चोट के निशान दुर्घटना से अलग व संदिग्ध प्रतीत हुए। मृतक की पत्नी निशा की तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में प्राथमिकी पंजीकृत की।
निशा व किशोर के बीच प्रेम प्रसंग :
निशा के बयानों का मिलान मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज व फोरेंसिक साक्ष्यों से करने पर उनमें विरोधाभास मिला। जांच में सामने आया कि संजीव की रामनगर में टेंट की दुकान पर काम करने वाले एक किशोर का संजीव के घर आना-जाना था। निशा व किशोर के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाले विवादों के चलते निशा ने प्रेमी के साथ मिलकर संजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पढ़ें यह खबर : 2027 चुनाव से पहले श्रीनगर गढ़वाल में कांग्रेस का किला ढहा: मेयर आरती भंडारी समेत 10 पार्षदों ने थामा भाजपा का हाथ
प्रेमी किशोर ने वारदात में अपने साथी किशोर को भी शामिल कर लिया। किशोर व निशा काल व मैसेज से संपर्क में थे। वारदात को अंजाम देने के बाद किशोर ने फोन कर निशा को काम हो गया की सूचना दी थी। बुधवार को पुलिस व एसओजी टीम ने मालवा फार्म पुलिया के पास से दोनों नाबालिगों को पकड़ा।
उनकी निशानदेही पर 12 बोर का तमंचा, तीन खोखा, पांच जिंदा कारतूस, खून से सने कपड़े बरामद किए गए। निशा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों सह-आरोपियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि होने पर दोनों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पढ़ें यह खबर : अंकिता भंडारी हत्याकांड : तीनों आरोपियों की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज; अंतिम न्याय कब ?
बर्थडे पार्टी के बहाने रची गई साजिश :
एसएसपी ने बताया कि 16 अगस्त को एक किशोर के जन्मदिन के बहाने दोनों ने संजीव से रामनगर घूमने की इच्छा जताई। दोनों संजीव की कार से रामनगर गए। लौटते समय राजपुर रोड, थारी के पास कार चला रहे संजीव को पीछे बैठे किशोर ने 12 बोर के तमंचे से गर्दन पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही कार अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित संजीव को छोड़कर फरार हो गए। पहले रामनगर में मारने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहे। अधिक बीयर पीने के बाद जब संजीव अपने होश में नहीं था, तो मौका पाकर राजपुर रोड पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पढ़ें यह खबर : देहरादून में मणिमाई मंदिर के पास सड़क हादसा, लोडर से टकराई कार; 2 की मौत
एक माह पहले खरीदा तमंचा, बेचने वाला भी निशाने पर :
एक साल से चल रहे अवैध संबंध की भनक संजीव को नहीं थी। आए दिन विवाद के चलते परेशान पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। जिसके लिए प्रेमी किशोर के माध्यम से उसने एक माह पहले अवैध 12 बोर का तमंचा व आठ कारतूस खरीदे थे।
एसएसपी ने बताया कि किशोर ने जहां से तमंचा खरीदा है, वह भी पुलिस की राडार पर है। उसके चिह्नित हो जाने पर उसे भी मामले में शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।



















