
पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा – विश्व जैव विविधता के संरक्षण में भारत का योगदान आठ प्रतिशत | Nation One
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आज नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर एक डिजिटल कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विश्व के भूमि संसाधनों में भारत की हिस्सेदारी दो दशमलव पांच प्रतिशत है। मानव और मवेशी आबादी में यह हिस्सेदारी 16-16 प्रतिशत है।
भारत ने विश्व की जैव विविधता में करीब आठ प्रतिशत योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन में विश्व को परिवार समझने और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाए रखने का संदेश दिया गया है।
प्रकाश जावडेकर ने कहा कि भारत में अनेक विश्वविद्यालय जैव विविधता में प्रमाणपत्र और डिग्री पाठ्यक्रमों का संचालन करते हैं। उन्होंने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण के लिए अनेक कदम उठाये जा रहे हैं। इस अवसर पर श्री जावडेकर ने जैव विविधता संरक्षण इंटर्नशिप पाठ्यक्रम का भी शुभारंभ किया।