फिल्म उद्योग में अभिनय प्रतिभा के साथ-साथ बेहतरीन डांसर होना भी जरूरी हो गया है। फिल्म अभिनेता टाइगर बेहतरीन डांसर हैं और अपनी क्षमता दिखाने के लिए उन्हें फ़िल्म भी मिल गई है। साबिर ख़ान के निर्देशन में बन रही मुन्ना माइकल में टाइगर एक डांसर बने हैं। फ़िल्म में नवाज़उद्दीन सिद्दीकी भी दिखेंगे। इस फ़िल्म से निधि अग्रवाल बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। हाल ही में दोनों के फ़र्स्ट लुक जारी कर दिए गये हैं। बॉलीवुड में ऐसी कई फ़िल्में आती रही हैं, जिनमें डांस कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है या फ़िल्म की बैकग्राउंड ही डांस रहा है।
कॉरियोग्राफर से डायरेक्टर बने रेमो डिसूज़ा की पहली फ़िल्म एबीसीडी- एनीबडी कैन डांस ऐसी ही फ़िल्म है, जिसकी कहानी का केंद्र डांस है। इस फ़िल्म में रेमो ने कुछ न्यूकमर्स के साथ डांसिंग सेंसेशन प्रभुदेवा और केके मेनन को लीड रोल्स में कास्ट किया था। इसकी कामयाबी के बाद रेमो ने इसका सीक्वल एबीसीडी 2 बड़े स्तर पर बनाया और वरूण धवन के साथ श्रद्धा कपूर को प्रमुख भूमिका के लिए चुना। कुछ एक्टर्स प्रीक्वल से भी कास्ट किए। साल 2008 में आई शाह रुख़ ख़ान और अनुष्का शर्मा की फ़िल्म यूं तो पति-पत्नी के संबंधों पर आधारित थी, मगर डांस इस फ़िल्म की कहानी का अहम हिस्सा रहा। अनुष्का के किरदार को फ़िल्म में डांस का श़ौकीन दिखाया गया था, जिसे प्रभावित करने के लिए शाह रुख़ के किरदार को ना सिर्फ़ अपना हुलिया बदलना पड़ता है, बल्कि डांस भी सीखना पड़ता है। साल 2007 में रिलीज़ हुई आजा नच लै की कहानी एक डांस थिएटर को ढहने से बचाने की कोशिशों पर आधारित थी। इस फ़िल्म में माधुरी दीक्षित ने एक कॉरियोग्राफर का रोल निभाया था।
दिल तो पागल है में भी शाह रुख़ का रिश्ता डांस से रहा है। इस फ़िल्म में वो एक डांस ट्रूप चलाते हैं, जिसकी करिश्मा कपूर मेंबर होती हैं। इस रोमांटिक फ़िल्म में माधुरी दीक्षित ने फीमेल लीड रोल निभाया था। 1997 में आई फ़िल्म को यश चोपड़ा ने निर्देशित किया था। अपने करियर की दूसरी फ़िल्म डांसर में अक्षय कुमार डांसर ही बने थे। मिथुन चक्रवर्ती के करियर का ज़िक्र डिस्को डांसर के ज़िक्र के बिना अधूरा रहेगा। 1982 में आई इस फ़िल्म में उन्होंने स्ट्रीट परफॉर्मर का रोल निभाया था, जो कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ता है।