ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

तेज टर्बुलेंस के बीच कैप्टन राजीव प्रताप रूडी का बड़ा फैसला, लखनऊ में कराई सुरक्षित लैंडिंग

दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 गुरुवार शाम खराब मौसम की वजह से टर्बुलेंस में फंस गई । सफर सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन पटना के करीब पहुंचते ही अचानक से मौसम में बदलाव देखने को मिला । आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में विमान में तेज झटके महसूस होने लगे और फ्लाइट में बैठे यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया ।

फ्लाइट की कमान भाजपा सांसद और अनुभवी पायलट Rajiv Pratap Rudy संभाल रहे थे । खराब मौसम और कम विजिबिलिटी की वजह से पटना में लैंडिंग संभव नहीं हो पाई । ऐसे में उन्होंने फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट पर ले जाने का फैसला लिया । पहले वाराणसी की ओर जाने की कोशिश हुई, लेकिन बाद में विमान को लखनऊ ले जाकर सुरक्षित उतारा गया ।

लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली । फ्लाइट में मौजूद लोगों के मुताबिक पूरे समय कैप्टन लगातार यात्रियों को स्थिति की जानकारी देते रहे, जिससे लोगों में भरोसा बना रहा । लैंडिंग के बाद कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने अनाउंसमेंट करते हुए कहा, “अब आप ताली बजा सकते हैं, आप सुरक्षित लैंड कर चुके हैं ।” यह सुनते ही फ्लाइट में तालियां बजने लगीं और कई यात्रियों ने उनका धन्यवाद किया।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी कैप्टन राजीव प्रताप रूडी की चर्चा हो रही है । वह बिहार के सारण से भाजपा सांसद हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे एविएशन से भी जुड़े हुए हैं और समय-समय पर कमर्शियल उड़ानें संचालित करते रहते हैं ।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, खराब मौसम में फ्लाइट को डायवर्ट करना पूरी तरह सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा होता है। ऐसे हालात में पायलट का प्राथमिक लक्ष्य यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है । इस घटना में भी यही देखने को मिला, जहां खराब मौसम के बीच एहतियात बरतते हुए फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से लखनऊ उतारा गया । इस मामले में समय पर लिया गया फैसला यात्रियों की सुरक्षा के लिए अहम साबित हुआ।

-priya dhami

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed