मुंबई ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में आमिर खान को शक्ति कुमार नामक किरदार में देखा जाएगा। इसमें आमिर एकदम अलग दिखेंगे। वह ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में पहले कभी नही देखे गए अंदाज में नजर आएंगे। वह अनोखे हेयरस्टाइल, दाढ़ी और रंग बिरंगे कपड़े पहने हुए दिखेंगे।
एक वीडियो में फिल्म की टीम आमिर के रंगीन किरदार पर चर्चा करते हुए दिख रही है। जायरा वसीम, अद्वैत चंदन, किरण राव, सान्या मल्होत्रा, मेहेर विज से लेकर मोनाली ठाकुर तक हर कोई विचित्र शक्ति कुमार पर चर्चा करते हुए अपनी हंसी रोक नही पा रहे हैं। इस किरदार के बारे में बात करते हुए किरण राव कहती हैं, शक्ति कुमार एक संगीत निर्देशक है, जो बुरे समय से गुजर रहा है, ऐसे पात्रों को किसी अभिनेता के लिए बड़ी मुश्किल से लिखा जाता है।
इसके बारे में आमिर खान कहते हैं, वह थोड़ा इश्कबाज है, लड़कियों के साथ इश्क फरमाता है और शक्ति कुमार में वे सभी बुरे गुण हैं, जो आप एक आदमी में सोच सकते हैं। आमिर जब दंगल में काम कर रहे थे, उस समय उन्होंने इस भूमिका के लिए एक स्क्रीन टेस्ट भी दिया था, जिसकी झलक इस वीडियो में देखी जा सकती है। फिल्म 19 अक्टूबर को रिलीज हो रही है।