शादी से पहले महिला कांस्टेबल के लापता होने से हड़कंप, पुलिस ने 8 घंटे में बरामद किया
मेरठ- उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब विवाह से कुछ घंटे पहले एक महिला कांस्टेबल अचानक लापता हो गई। रविवार शाम उसकी बरात आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही परिजनों ने बेटी के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सिपाही को आठ घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि आरोपी हिस्ट्रीशीटर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में तैनात हैं। उनका विवाह अलीगढ़ के बन्ना देवी थाने में तैनात सिपाही अतुल शर्मा से तय हुआ था। रविवार को घर में शादी की रस्में चल रही थीं और हल्दी की रस्म के बाद हाथों में मेहंदी लगाए संध्या अचानक घर से गायब हो गईं, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि संध्या को मवाना थाना क्षेत्र के ढिकोली गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान अपने साथ ले गया है। इस संबंध में महिला कांस्टेबल के पिता ने बहसूमा थाने में तहरीर देकर बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटी के लापता होने की खबर से परिवार गहरे सदमे में आ गया। तनाव के चलते पिता को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर दूल्हा पक्ष ने बरात लाने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घर से जाने के बाद महिला कांस्टेबल ने फोन कर परिजनों को बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से गई है। उन्होंने परिजनों से चिंता न करने की बात भी कही। पुलिस का कहना है कि सोमवार को महिला सिपाही का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल महिला कांस्टेबल को मवाना थाने में रखा गया है।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि महिला कांस्टेबल और आरोपी अंकित चौहान एक-दूसरे को पहले से जानते थे। संध्या की बुआ ढिकोली गांव में रहती हैं, जहां उनका आना-जाना था और वहीं से दोनों की पहचान हुई थी। संध्या वर्ष 2021 बैच की कांस्टेबल हैं।
पुलिस के अनुसार, अंकित चौहान मवाना थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उस पर लूट, हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह गोलू गैंग से जुड़ा रहा है और पहले भी कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर महिला कांस्टेबल को बक्सर क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











