आरोग्य सेतु एप को लेकर WHO प्रमुख ने कहा-कोरोना से लड़ाई में मिल रही बड़ी मदद | Nation One

कोरोना वायरस ने एक तरफ जहाँ पूरे देश में हाहाकार मचा रखा है। वहीं इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस अधनोम ग्रेबेसियस ने कोरोना के खिलाफ प्रयोग किए जा रहे भारत के आरोग्य सेतु एप की सराहना की है। उन्होंने कहा कि, इसकी मदद से स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना क्लस्टर का पता लगाने और कोरोना टेस्टिंग करने में बड़ी मदद मिल रही है। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि, भारत में आरोग्य सेतु एप को 15 करोड़ लोगों ने डाउनलोड किया है। इसकी मदद से शहर के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभागों को उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिल रही है, जहां कोरोना के क्लस्टर होने की संभावना है।

डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस अधनोम ग्रेबेसियस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आश्वासन की सराहना भी की, जिसमें पीएम मोदी ने कहा था कि भारत कोविड-19 से लड़ रहे देशों की मदद के लिए अपने वैक्सीन उत्पादन क्षमता का इस्तेमाल करेगा। ग्रेबेसियस ने कहा कि इस महामारी को केवल संसाधनों के आदान-प्रदान के जरिए ही हराया जा सकता है।