
विधायक पूरन फर्त्याल के मामले में खुलासा आज | Nation One
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती के चलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पार्टी विधायक पूरन फर्त्याल के मामले में पार्टी का रुख साफ नहीं कर सके। शुक्रवार को उन्हें वरिष्ठ नेताओं के साथ फर्त्याल के मामले में एक्शन लेना था। बकौल भगत वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के बाद कहा कि वह शनिवार को इसका खुलासा करेंगे।
बता दें कि शनिवार को भगत वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसी प्रेस कांफ्रेंस में वह फर्त्याल के बारे में पार्टी की राय को साफ करेंगे। वहीं जब वह शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, इस दौरान उनसे फर्त्याल और राज्यमंत्री रेखा आर्य के विवाद के बारे में प्रश्न किए गए थे।
वहीं राज्यमंत्री रेखा आर्य के मामले में भगत ने कहा कि यह विशेषाधिकार मुख्यमंत्री के स्तर का है और इस बारे में उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या नियम-58 में सूचना लगाकर विधायक फर्त्याल नेे ठीक किया तो भगत ने कहा कि उन्होंने सही नहीं किया।
उन्होंने इस बारे में कहा कि वह वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठ रहे हैं। विचार-विमर्श के बाद जो भी तय होगा, उसका खुलासा वह शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में करेंगे। उधर, पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पार्टी फर्त्याल को कारण बताओ नोटिस जारी कर सकती है। यदि वरिष्ठ नेताओं की सहमति बनी तो फर्त्याल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बहरहाल, प्रदेश नेतृत्व ने इस प्रकरण पर अभी खुलकर पत्ते नहीं खोले हैं।