बाबरी मस्जिद मामले के रिटायर जज को मिली जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज | Nation One

उत्तर प्रदेश के चर्चित बाबरी मस्जिद मामले में विशेष न्यायाधीश पद से रिटायर जज सेठ शैलेंद्र नाथ टंडन को जान से मारने की धमकी मिली है। वहीं रिटायर जज ने गोमतीनगर थाना पुलिस में शिकायत देने के साथ ही पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर को भी पूरे मामले से अवगत कराया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही रिटायर जज के आवास पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार रिटायर जज सेठ शैलेंद्र दास टंडन लखनऊ में गोमती नगर के विराम ब्लॉक में रह रहे हैं।

बीते 7 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने उन्हें न केवल उपशब्द कहे, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।उन्होंने जब कॉल को काटा तो कॉलर ने मैसेज पर भी धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद रिटायर जज ने गोमती नगर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।

वहीं गोमती नगर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी का कहना है कि शुरुआती जांच से पता चला है कि जिस सिम से कॉल की गई, वो फर्जी दस्तावेज से खरीदी गई है।

उन्होंने बताया कि सर्विलांस टीम आरोपियों तक पहुंचने में मदद कर रही है। रिटायर जज के आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का जल्द पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।