दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव, दस लोग को गिरफ्तार

हरिद्वार में विवादित संपत्ति को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव हो गया। आरोप है कि भाजपा की महिला नेता समेत दस लोगों ने ऋषिकुल स्थित संपत्ति में तोड़फोड़ की और किराएदारों के साथ मारपीट कर सामान सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने मौके से महिला नेता समेत दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। देर शाम आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।

पुलिस ने आरोपियों को लिया हिरासत में

ऋषिकुल स्थित संपत्ति को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। गुरुवार को कनखल निवासी भाजपा नेता अश्वनी चैहान अपने पति अनिल चैहान और बेटे ऋषभ चैहान समेत दस लोगों के साथ विवादित संपत्ति पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने दुकान का शटर तोड़ा और ऊपर किराए पर रह रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने किराएदार का सामान सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई और कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही एसएसआई जगमोहन रमोला, दारोगा डीएस चैहान टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

किराएदार संजय बिष्ट पुत्र बच्चन सिंह निवासी ऋषिकुल की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेता अश्वनी चैहान पत्नी अनिल चैहान, अनिल चैहान पुत्र कल्याण सिंह, ऋषभ पुत्र अनिल चैहान निवासीगण कनखल, कृष्णा सिंह पुत्र विजपाल निवासी कनखल, शेखर पुत्र शंकर निवासी कनखल, रीना पत्नी जितेंद्र निवासी सीतघाट कनखल, बबीता पत्नी मुरारी निवासी सतीघाट, ममता पुत्री पूरन निवासी राजघाट कनखल, सरोज पत्नी किशन निवासी बाराकोटी कनखल, काजल पत्नी मोनू निवासी बैरागी कैंप को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि संपत्ति विवादित है। जो कोर्ट का आदेश होगा उसका पालन कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *