
Manipur Violence की आग जारी, पुलिस कमांडो समेत चार की मौत, कई घायल | Nation One
Manipur Violence : मणिपुर में हिंसा की आग थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में हिंसा की ताजा घटनाओं में एक पुलिस कमांडो सहित चार लोग मारे गए और कई लोग घायल हो गए।
इसके बाद दो महीने से अधिक समय पहले शुरू हुई जातीय हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 127 हो गई है। हिंसा की घटना चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिलों के बीच सीमा के पास कांगवई में दर्ज की गई, जहां लोगों के दो समूहों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी की।
पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी चुराचांदपुर के पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी देर रात करीब 1.30 बजे शुरू हुई। एक समूह के हथियारबंद उपद्रवियों ने दूसरे समूह के लोगों पर हमला कर दिया।
Manipur Violence : दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी
साथ ही, उन्होंने बताया कि कुछ घंटों की शांति के बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी फिर से शुरू हो गई और तब तक जारी रही जब तक सुरक्षा बलों ने स्थिति पर काबू नहीं पा लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिलों की सीमा के पास कांगवई में हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक अलग घटना में, बिष्णुपुर जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी।
Manipur Violence : महिला की गोली मारकर हत्या
पुलिस ने कहा कि जब बंदूकधारियों ने फौबाकचाओ इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी की तो किशोर छिपने की कोशिश कर रहा था, तभी एक गोली उसे लग गई।
मणिपुर में जारी हिंसा के बीच कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बुधवार को फिर से शुरू हो गए, लेकिन एक दिन बाद इंफाल में एक स्कूल के पास अज्ञात हमलावरों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े हो गए। इस बीच, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पांच संसद सदस्यों ने स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को चुराचांदपुर जिले का दौरा किया।
Also Read : NEWS : ED की बड़ी कार्रवाई, मनीष सिसोदिया सहित कई लोगों की संपत्ति कुर्क | Nation One