हठधर्मिता छोड़े सरकार, कराए किसानों की समस्या का समाधान : टिकैत | Nation One

भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण किसान सड़कों पर बैठे हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार हठधर्मिता छोड़ किसानो की समस्या का समाधान कराए, अन्यथा किसान भी अपने कदम पीछे नहीं हटाएंगे।

टीकरी कस्बे में रणधीर सिंह राठी के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने आए भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि सरकार कृषि कानून पर अपनी हठधर्मिता छोड़ किसानों के समाधान की सोचे। किसानों को धरने पर बैठे 105 दिन हो चुके हैं।

सरकार से किसानों को बहुत उम्मीद थी, लेकिन सरकार अपनी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही। किसानों पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। सरकार में अच्छे व्यक्ति भी है, उनको भी नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार की बागडौर सिर्फ दो लोगो के हाथ में हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कभी इतनी बड़ी पंचायते नहीं हुई। किसान अपने खेत खलियान और घर को छोड़कर सड़कों पर पड़े हैं इससे बड़ा और दुर्भाग्य किसानों का और क्या हो सकता है। आंदोलन को लेकर कहा कि दिल्ली में बातचीत के बाद सयुंक्त किसान मोर्चा जो फैसला लेगा, उसी के अनुसार आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार है तब तक कानूनों के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाए, एमएसपी पर कानून बन जाए, किसानों के मुकदमे वापस लिए जाए तो समाधान निकल सकता है। लेकिन सरकार का रवैया किसानो के प्रति ठीक नहीं है अगर सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो किसान पीछे नहीं हटेगा।

केंद्र सरकार द्वारा सड़कें बंद करवाई जा रही है जिससे आमजन को हानि पहुंच रही है। इस मौके पर मास्टर विजय सिंह, मास्टर मांगेराम, ईश्वर सिंह, पदम्, बिल्लू, मास्टर नरेश तोमर, उपेंद्र आदि मौजूद रहे।

रिपोर्ट : गौरव कुमार