भाजपा व कांग्रेस ने छला है जनता को: पीसी तिवारी

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने नगर निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में आयोजित बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय दलों ने उत्तराखंड को बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा व कांग्रेस दोनों ही दलों ने जनता को छला है। राज्य के साथ अन्याय किया। पहाड़ में रोजगार, शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए कोई व्यवस्था नहीं की।

पहाड़ में रहने वाले लोगों के सामने आज भी मुसीबतों का पहाड़ खड़ा है। स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर डॉक्टरों को पहुंचाने की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं। हकीकत यह है कि एक भी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर मजाक है। सुविधाओं के नाम पर जंग लगे उपकरण हैं। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर भी ठोस कदम नहीं उठाए गए। एक बार फिर भाजपा व कांग्रेस आम जन को छलने के लिए निकाय चुनाव में बड़ी-बड़ी बातें करने लगे हैं। तिवारी ने कहा कि अब जनता को हकीकत समझ जाना चाहिए।

जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाएं

क्षेत्रीय पार्टी का महत्व समझते हुए काम करना चाहिए। उपपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह निगल्टिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित न कर जनता के साथ विश्वासघात किया है। बैठक का संचालन करते हुए पार्टी के महानगर इकाई के संयोजक सुमित तिवारी ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि पार्टी को मजबूत करने के लिए आगे आएं। जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाएं।

साहित्यकार दिवाकर भट्ट ने भी राज्य के जनसरोकारों को लेकर राजनीतिक दलों के रवैये पर चर्चा की। इस दौरान रतन सिंह किरमोलिया, एम अहमद, नंदा बल्लभ तिवारी, खष्टी सुयाल, मजहर सिद्दीकी, दीवान सिंह मेहता, वीडी फुलारा, रजनी मेहता, थान सिंह, यशवंत सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *