14 फरवरी को बांकेबिहारी के दर्शन करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ| Nation One
मथुरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मिनी कुंभ मेला को लेकर वृंदावन नगर में 14 फरवरी को आगमन हो रहा है। यहां सीएम ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शनों के साथ-साथ संत विजय कौशल और संत ज्ञानानंद के आश्रम जाएंगे।
कुंभ मेला स्थल पर आयोजित संस्कृति मंच कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। विदित रहे कि, 2017 में सत्ता पर काबिज हुए सीएम योगी आदित्यनाथ का कोरोना काल के चलते आगमन नहीं हो सका था।
बीते दिन मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। वृंदावन में 16 फरवरी से कुंभ मेला बैठक का आयोजन शुरू होगा। इससे दो दिन पहले 14 फरवरी को मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है।
इसे लेकर डीएम नवनीत चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, मेलाधिकारी नगेंद्र कुमार और नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ ने विधायक पूरन प्रकाश, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के साथ चर्चा की। मेलाधिकारी नगेन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे।
इसके बाद संत विजय कौशल और संत ज्ञानानंद के आश्रम जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां से नवनिर्मित देवरहा बाबा घाट पर यमुना की आरती और मेलास्थल के संस्कृति मंच पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बोर्ड बैठक में हिस्सा लेकर संतों से भी मुलाकात करेंगे। जबकि डीएम नवनीत चहल ने कहा कि कार्यक्रम लखनऊ से आना है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।