मौसम विभाग ने पूर्वी, उत्तरी और मध्य भारत में अगले पांच दिन के दौरान भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। ओडि़सा में आज और छत्तीसगढ़ में कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आस पास बने कम दबाव के क्षेत्र के पश्चिमी- उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर मुड़ने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिन तक सामान्य से भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के काफी निकट है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज शाम से शुक्रवार दोपहर तक सामान्य वर्षा हो सकती है। कल कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
ओडि़सा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड तथा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में आज से शुक्रवार तक अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है।