![प्रचंड तूफान ‘तितली’ से सहमा ओडिशा, अलर्ट जारी](https://nationone.tv/wp-content/uploads/2018/10/10_10_2018-titli_18518725.jpg)
प्रचंड तूफान ‘तितली’ से सहमा ओडिशा, अलर्ट जारी
भुवनेश्वर : बंगाल की खाड़ी पर बन रहे दबाव के कारण आए चक्रवाती तूफान “तितली” ने बुधवार को प्रचंड रूप ले लिया और अब यह ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है। इस चक्रवाती तूफान की वजह से ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश भी हुई है।
चक्रवातीय तूफान के 145 किलोमीटर प्रति घंटे…
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवातीय तूफान के 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गुरुवार सुबह तक ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के कलिंगापत्तनम के बीच पहुंचने की संभावना है। विभाग ने एक बयान में कहा, “तितली 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आगे बढ़ा और उसने प्रचंड चक्रवातीय तूफान का रूप ले लिया और यह ओडिशा में गोपालपुर से करीब 370 किमी. दूर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य क्षेत्र पर मंडरा रहा है।”
ज़रूर पढ़ें : हरदा के फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी के बाद भड़के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
18 घंटे के दौरान और प्रचंड रूप लेने की आशंका…
इसमें कहा गया कि इसके अगले 18 घंटे के दौरान और प्रचंड रूप लेने की आशंका है। चक्रवात के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने और गुरुवार सुबह तक गोपालपुर और कलिंगापत्तनम के बीच ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट को पार करने की आशंका है।
छली पकड़ने के लिए तटों पर न जाने की सलाह…
भुवनेश्वर में मौसम केंद्र के निदेशक एच आर बिस्वास ने बताया कि इसके बाद चक्रवात के ओडिशा पार करके पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है और उसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। तटीय ओडिशा के कुछ इलाकों में बुधवार को बारिश हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा और कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने मछली पकड़ने के लिए तटों पर न जाने और तट पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
निचले इलाकों में रह रहे लोगों को स्थानांतरित…
मछुआरों को शुक्रवार तक समुद्र में न उतरने की सलाह दी गई है। ओडिशा सरकार राज्य में भारी बारिश के मद्देनजर बाढ़ की आशंका को लेकर भी सतर्क है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में पहले ही हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और निचले इलाकों में रह रहे लोगों को स्थानांतरित करने के लिए कहा गया है।