विजय दिवस 2021 : विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामना | Nation One
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना, भूतपूर्व सैनिकों, देश एवं प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए कहा है कि भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर वीरता व पराक्रम का ऐतिहासिक दिन है।
इसी दिन मात्र 13 दिन में भारतीय सैनिकों के साहस व बहादुरी के सामने नतमस्तक होकर पाकिस्तानी सेना के 93 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करना पड़ा था। हमारे सैन्य इतिहास की यह सबसे बड़ी विजय थी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारे सैनिकों के पराक्रम से पाकिस्तानी सैनिकों का मनोबल टूट गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड, देवभूमि के साथ ही वीर भूमि भी है। यहां सदैव देशभक्ति व राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना रही है।
राज्य सरकार पूर्ण मनोयोग से इस सैन्यधाम का निर्माण कर रही है। इसके लिये 1734 शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी लायी गई है। उन्होंने कहा कि यह सैन्य धाम युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिये प्रेरित करने के साथ ही भारतीय सेना के गौरवमय इतिहास की जानकारी भी देश व दुनिया को प्रदान करेगा। हमें अपने सैनिकों की वीरता पर नाज है और पूरा देश उनकी बहादुरी को नमन करता है।