उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल टली

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने चक्काजाम नहीं किया। इससे पहले निगम प्रबंधन ने यूनियन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता में विशेष श्रेणी कर्मियों का वेतन 15 फीसदी बढ़ाने पर सहमति बन गई, जिस पर यूनियन ने हड़ताल समाप्त कर दी है।

कर्मियों का वेतन 15 फीसदी बढ़ाने पर बनी सहमति

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने निगम प्रबंधन को बुधवार आधी रात से चक्काजाम का नोटिस दिया था। यूनियन विशेष श्रेणी कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही थी। चक्काजाम का नोटिस मिलने के बाद मंगलवार को रोडवेज प्रबंधन ने यूनियन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन वार्ता विफल रही। बुधवार को फिर से यूनियन पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया। इसमें विशेष श्रेणी कर्मियों का वेतन 15 फीसदी बढ़ाने पर सहमति बनी।

यूनियन के महामंत्री अशोक चैधरी ने बताया कि वेतन बढ़ाने के बाद हड़ताल का निर्णय वापस ले लिया है। वार्ता के दौरान निगम के प्रबंध निदेशक बीके संत, महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन, यूनियन की तरफ से प्रदेश प्रवक्ता विपिन, संगठन मंत्री दीपक शाह, क्षेत्रीय मंत्री केपी सिंह, उदयवीर सिंह मौजूद रहे। इधर, रोडवेज इंपलाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री रवि पचैरी ने रोडवेज की कार्यशालाओं में कार्यरत तकनीकी कर्मियों के वेतन में 20 फीसदी बढ़ोत्तरी के फैसले का स्वागत किया। कहा कि यूनियन इसको लेकर पूर्व में परिवहन मंत्री से मिली थी, जिसके बाद निगम प्रबंधन ने यह फैसला लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *