Uttarakhand News : हरक सिंह रावत ने की मंत्रालय छोडने की पेशकश, जानें वजह | Nation One
सत्याल को हटाने की मांग पर अड़े मंत्री हरक सिंह रावत ने श्रम मंत्रालय ही छोड़ने की पेशकश की है। हरक सिंह रावत के मुताबिक वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह कर चुके हैं कि यदि सत्याल अधिक काबिल हैं, तो उन्हें ही श्रम मंत्री बना दिया जाए।
बता दें कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ही कर्मकार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी श्रम मंत्री हरक सिंह रावत ही देख रहे थे। पिछले साल अक्टूबर में तत्कालीन त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में हरक से यह जिम्मा वापस लेते हुए श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल को कर्मकार कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बना दिया गया था।
सत्याल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी माने जाते हैं। तब से श्रम मंत्री और बोर्ड के अध्यक्ष सत्याल के बीच तलवारें खिंची हुई हैं। दोनों के मध्य जुबानी जंग छिड़ी है और वे एक-दूसरे के कदमों को नियम विरुद्ध करार देने से भी नहीं चूक रहे।
वहीं कर्मकार कल्याण बोर्ड का विवाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दरबार में पहुंच चुका है। माना जा रहा है कि तीन दिन के कुमाऊं दौरे से रविवार शाम को देहरादून लौटे मुख्यमंत्री धामी अब जल्द ही इस मसले के पटाक्षेप के मद्देनजर कोई फैसला लेंगे।
सरकार में मार्च में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कार्यकाल में बोर्ड की सचिव को बदल दिया गया था। इस पर मौजूदा बोर्ड ने सचिव को हटाने की संस्तुति कर दी, जिस पर श्रम मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। यहीं नहीं, चार दिन पहले ही सत्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर बोर्ड के गठन से लेकर अब तक की वस्तुस्थिति से अवगत कराया था।