उत्तराखंड: गैरसैंण होगी प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी, सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने की घोषणा

उत्तराखंड: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी अब गैरसैंण होगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बजट सत्र के दूसरे दिन गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा की है।

उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से ही पहाड़ी प्रदेश की राजधानी पहाड़ में ही हो का नारा लगातार बुलंद होता रहा है। आंदोलनकारियों के साथ ही कई संगठन और राजनीतिक दल समय-समय पर गैरसैंण को प्रदेश की राजधानी बनाने की मांग उठाते रहे।

एक ओर कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग करते रहे, तो भाजपा इसे ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने के पक्ष में रही। बुधवार को बजट भाषण की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गैरसैंण को स्थाई तो नहीं, पर ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा कर दी है।