उत्तराखंड : कोरोना संक्रमित भाजपा विधायक का निधन, कुछ ही दिन पहले हुई थी पत्नी की मौत | Nation One

उत्तराखंड बीजेपी ने अपना एक युवा, तेजतर्रार विधायक खो दिया। कोरोना संक्रमण के चलते बीजेपी के सीनियर विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। इससे बीजेपी ही नहीं उत्तराखंड के समूचे राजनीतिक जगत को झटका लगा है।

आपको बता दें कि, कुछ ही दिन पहले ही सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई थी। गौरतलब है कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से पांव पसार रहा है। बुधवार को राजधानी में आठ हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आए।

सुरेंद्र के परिजनों ने बताया कि 27 अक्टूबर को पत्नी की मौत के बाद जीना की तबियत भी खराब हो गई। करीब 5 दिन पहले उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। विधायक की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटीव आई थी। गुरुवार तड़के उनकी मौत हो गई। बताया जाता है विधायक को सांस लेने बीते बुधवार से परेशानी हो रही थी।

उनके निधन की खबर से भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई। हमेशा गांव गांव तक पहुंचने वाले विधायक के निधन का किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा। विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। विकास योजनाएं क्षेत्र तक पहुंचाने के साथ ही क्षेत्र के युवाओं को दिल्ली में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जाने जाते थे।

सल्ट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशी धर भगत ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। भगत ने कहा, “जीना हमारे युवा, ऊर्जावान और योग्य कार्यकर्त्ता और विधायक थे और हमेशा संगठन व जनहित में सक्रिय रहते थे। वे एक शालीन व्यक्ति थे और हर वर्ग में लोकप्रिय थे। उनके निधन से पार्टी व समाज को अपूर्णनीय क्षति हुई है।”

उन्होंने कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दे। हाल में उनकी पत्नी का निधन हुआ था और अब उनके निधन से परिवार पर अवर्णनीय दुःख आ पड़ा है। ईश्वर यह दोहरा दुःख सहन करने की शक्ति परिवार को दे।