रुद्रपुर
कुमाऊं के रूद्रपुर में बदमाशों ने कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद राजेश सिंह को गोलियां चलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी है। पुलिस का मानना है कि यह हमला चुनावी रंजिश को लेकर हुआ है।
भदईपुरा निवासी कांग्रेसी नेता और पूर्व पार्षद राजेश सिंह शनिवार तड़के घर से करीब आधा किलोमीटर दूर फार्म हाउस पर एक्सरसाइज करने गए थे। वहां से दोपहिया से लौटते समय पांच बदमाशों ने डंडा फेंककर उन्हें दोपहिया समेत नीचे गिरा दिया और फिर डंडों से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद उन पर फायर कर दिए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश फरार हो गए। कांग्रेसी नेता के पेट और पैरों में गोलियां लगी हैं। फिलहाल हालत नाजुक बताई गई है। पूर्व पार्षद पर हमले की जानकारी मिलते ही पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ और काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पूर्व पार्षद पर पहले भी हमला हो चुका है।
पुलिस इस हमले को पुरानी चुनावी रंजिश से जोड़कर देख रही है। अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश में कई जगह छापेमारी की गई है। पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर अहम जानकारियां हाथ लगी हैं और हमलावरों को भी चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।