लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन में बढ़ते गतिरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मध्यस्थता की बात कही है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देशों के बीच फिलहाल बहुत ही खराब स्थिति है। उन्होंने कहा कि हम चीन और भारत के संबंध में मदद के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और उन्हें अपना अच्छा मित्र बताया।
व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में ट्रंप ने कहा कि सीमा पर चीन और भारत के बीच हालात बहुत खराब है। भारत और चीन के संबंध में हम मदद के लिए तैयार है। अगर हम कुछ कर सकते है, तो हम उसमें शामिल होना और मदद करना चाहेंगे। इस बारे में हम दोनों देशों से बात कर रहे हैं। वहीं इस संबंध में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या चीन भारत को धमका रहा है तो उन्होंने कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसी बात न हो, साथ ही उन्होंने कहा कि चीन निश्चित ही यह करने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी मेरे मित्र हैं और वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, कुछ भी आसान नहीं है।’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमारे पास भारत और प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन है। मुझे लगता है कि भारतीय लोग ट्रंप को वोट देंगे। मैं महामारी से ठीक पहले भारत गया था। वहां के लोग अविश्वसनीय हैं। आपको एक महान नेता मिला है और वे एक महान व्यक्ति हैं।’ उन्होंने कहा कि चीन एक ऐसा राष्ट्र है जिसके बारे में आपको रूस से ज्यादा बात करनी चाहिए क्योंकि चीन जो काम कर रहा है वह कहीं ज्यादा खराब है। देखिए चीन के वायरस ने क्या किया। देखिए दुनियाभर के 188 देशों के साथ क्या हो रहा है।
चीन को लेकर ट्रंप का बयान ऐसे समय पर आया है जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने चीनी समकक्ष वी फेंग और एक उच्च-स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मॉस्को में बैठक की। दोनों देशों के रक्षा मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रूस में हैं और माना जा रहा है कि उन्होंने जारी सैन्य गतिरोध पर चर्चा की।