
UP : योगी सरकार का फैसला, बंद होंगीं धर्मस्थल, स्कूल-हाइवे के पास की शराब दुकानें | Nation One
UP : प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मस्थलों, विद्यालयों और हाईवे आदि के पास की शराब दुकानों को बंद करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बनाने व बेचने पर सख्त से सख्त कार्यवाही व सघन निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इन जगहों पर शराब बेचने की कोई भी दुकान ना हो। शनिवार को सीएम योगी ने चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व प्राप्तियों की विस्तार से समीक्षा की, इस दौरान उनके साथ वित्तमंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे।
UP : राज्य को मिला 46 हजार करोड़ का राजस्व
राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा के बाद सीएम योगी ने कहा कि लगातार प्रयासों से प्रदेश के कर-करेत्तर राजस्व संग्रह में लगातार वृद्धि हो रही है। इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में अब तक 46 हजार करोड़ से अधिक राजस्व मिला है।
राज्य को मिले राजस्व में GST व VAT से 26 हजार करोड़, एक्साइज में 10 हजार करोड़, स्टाम्प एवं पंजीयन से 6 हजार करोड़ और परिवहन से 2400 करोड़ से अधिक मिला है। सीएम ने संतोष जताते हुए कहा कि यह जनता से मिला धन है, जो प्रदेश के विकास और जन कल्याण पर खर्च किया जाएगा।
UP : GST के लिए टैक्स चोरी पर लगाएं रोक
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं। राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए नए-नए स्रोत तलाशें। इसके साथ ही उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 1.50 लाख करोड़ के जीएसटी और वैट संग्रह का लक्ष्य दिया। मुख्यमंत्री ने राजस्व चोरी को राष्ट्रीय क्षति बताते हुए कहा कि GST चोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने की जरुरत है।
योगी सरकार ने कहा कि छापेमारी से पहले पुख्ता जानकारी इकठ्ठा करें और इंटेलिजेंस को और बेहतर बनाएं। सीएम ने फील्ड में योग्य, कुशल और दक्ष अधिकारियों को तैनाती करने के निर्देश दिए हैं।
Also Read : NEWS : कन्हैया लाल के मर्डर पर बनी फिल्म, रिलीज हुआ दिल दहला देने वाला टीजर | Nation One