यूपी की कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना संक्रमण से निधन | Nation One

उत्तरप्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन हो गया है। बता दें कि उनका लखनऊ स्थित एसपीजीआई में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

कमला रानी यूपी की प्राविधिक शिक्षा मंत्री थीं। कमला रानी को 2017 में घाटमपुर सीट से विधायक चुना गया था। वह 18 जुलाई को कोरोना संक्रमित हो गई थीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमल वरुण के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ”उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!”

वहीं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि कमला रानी का अचानक निधन स्तब्धकारी है। वे विधानसभा के सदस्य के रूप में काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त की हैं।

यूपी विधानसभा अध्यक्ष नारायण दीक्षित ने भी कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के निधन पर ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की।

बता दें कि कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण को 2 सप्ताह पहले बुखार आया था। इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से कोरोना जांच कराई थी। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद  उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था। कमल वरुण के निधन की वजह से सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या के हनुमानगढ़ी निशान पूजन का कार्यक्रम टल गया है। अब निशान पूजन 4 अगस्त को 10 बजे होगा।