फिर चांद पर रखेंगे कदम, चंद्रयान-3 की तैयारी को लेकर केंद्र सरकार ने दी बड़ी जानकारी | Nation On

दिल्ली : केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार); पृथ्वी विज्ञान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि चंद्रयान -3 को 2022 की तीसरी तिमाही के दौरान सामान्य कार्य प्रवाह मानते हुए लॉन्च किए जाने की संभावना है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने कहा, चंद्रयान-3 को साकार करने का कार्य प्रगति पर है।

चंद्रयान-3 के कार्य में आकृति को अंतिम रूप दिया जाना, उप-प्रणालियों का निर्माण, समेकन, अंतरिक्ष यान स्तरीय विस्तृत परीक्षण और पृथ्वी पर प्रणाली के निष्पादन के मूल्यांकन के लिए कई विशेष परीक्षण जैसी विभिन्न प्रक्रियाएं शामिल हैं।

कार्य की प्रक्रिया कोविड-19 महामारी के कारण बाधित हो गई थी। हालांकि, लॉकडाउन अवधि के दौरान भी वर्क फ्रॉम होम मोड में सभी कार्य किए गए। अनलॉक अवधि आरंभ होने के बाद चंद्रयान-3 पर कार्य फिर से आरंभ हो गया और अब यह कार्य संपन्न होने के अग्रिम चरण में है।