नई दिल्ली : देश में 77 लाख से अधिक लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। देश में कोरोना से स्वस्थ होने वालों की दर 92.दो प्रतिशत हो गई है। ठीक होने वालों की संख्या कुल सक्रिय मामलों की संख्या का लगभग 15 गुना है। पिछले 24 घंटे के दौरान 55 हजार से अधिक लोग कोरोना से ठीक हुए जबकि लगभग 50 हजार नए मामले सामने आए हैं।
सक्रिय मामलों की संख्या कुल मामलों के 6.5 प्रतिशत से भी कम हो गई है। देश में इस समय करीब 5,28,000 कोरोना के मरीज हैं। प्रतिदिन स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ने और मृत्यु दर कम होने के साथ ही सक्रिय मामलों की संख्या लगातार कम हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और केन्द्र द्वारा राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों को कोविड सम्बन्धी समय समय पर दिये गये दिशा निर्देशों के साथ ही चिकित्सकों और कोरोना योद्धाओं के संयुक्त प्रयासों से देश में संक्रमण से ठीक होने वालों की दर लगातार बेहतर हो रही है।
मृत्यु दर कम होकर 1.49 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड संक्रमण से 704 रोगियों की मौत हुई है। इनमें से 75 प्रतिशत 10 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के हैं।