देश में डेढ़ महीने के बाद कोरोना के मरीजों की संख्या में बड़ी कमी दर्ज की गई है और यह घटकर अब 8 लाख से कम रह गई है। अभी देश में कोरोना के 7,95,000 मरीज हैं, जो कुल संक्रमित लोगों का 10 प्रतिशत से कुछ अधिक है। संक्रमण से ठीक होने वालों की दर 87 प्रतिशत से अधिक हो गई है। अब तक 65 लाख 24 हजार से अधिक लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान 70 हजार से अधिक लोग ठीक हुए जबकि 62 हजार लोग संक्रमित हुए। देश में कोरोना से मरने वालों की दर एक दशमलव पांच-दो प्रतिशत है। नये संक्रमण के 78 प्रतिशत मामले दस राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज हैं। इसके बाद कर्नाटक और केरल का स्थान है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना से 837 व्यक्तियों की मृत्यु हुई। सबसे अधिक 306 व्यक्ति महाराष्ट्र में मरे हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने उच्च स्तरीय दल केरल, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ और पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किये हैं। ये दल कोविड के खिलाफ राज्य सरकार के प्रयासों को मजबूत करने में अपना सहयोग करेंगे।