
हाथरस की दुष्कर्म पीड़िता भी जीवन की जंग हारी | Nation One
हाथरस: सामूहिक दुष्कर्म की शिकार चंदपा क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसके साथ चार युवकों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था, दुष्कर्म के बाद उसकी रीढ़ की हड्डी तोड़ डाली थी और उसकी जीभ काट डाली थी। वे उसे मरा हुआ समझकर छोड़कर भाग निकले थे लेकिन, वह बच गई थी और आज वह जिंदगी की जंग हार गई। इसकी जानकारी मिलते ही हाथरस में पुलिस प्रशासन और सतर्क हो गया है।
हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है। युवती के साथ 14 सितंबर को खेत में चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसके बाद पीड़िता की नाजुक हालत को देखते हुए अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार को हालत बेहद गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था और आज सुबह उसकी मौत हो गई। मृत्यु पूर्व बयान में पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को इशारों से अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।
पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में रामू और लवकुश को भी गिरफ्तार किया गया और शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा। पीड़िता को घटना के दूसरे दिन अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, वहां उसकी हालत नाजुक थी और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। करीब एक सप्ताह तक वह बेहोश रही थी। घटना के बाद से ही उसकी हालत चिंताजनक थी। उसकी हालत को देखने के बाद कल ही उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था, जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई।