प्रधानमंत्री आज 21 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बातचीत | Nation One

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज और कल दोपहर तीन बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री आज जिन 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे, उनमें पंजाब, असम, केरल, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, गोआ, मणिपुर, नगालैंड, लद्दाख, पुदुचेरी, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा नगर हवेली और दमन दीव, सिक्किम और लक्षद्वीप शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी कल 15 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से संवाद करेंगे। ये हैं – महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, बिहार, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, तेलंगाना और ओडिसा।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने इस महीने की 13 तारीख को केंद्रीय गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य वरिष्ठ मंत्रियों तथा अधिकारियों के साथ कोविड 19 महामारी से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की थी।

देश में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि को देखते हुए यह बातचीत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मार्च में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ यह छठा संवाद होगा।