कैब में CAA के बारे मेें बात कर रहे व्यक्ति को ड्राइवर ले गया पुलिस थाने, भाजपा ने किया ड्राइवर को सम्मानित

कुछ दिन पहले मुंबई में एक वाकया सामने आया है। महाराष्ट्र के मुंबई में जयपुर के एक व्यक्ति बप्पादित्य सरकार ने कैब बुक की। कैब बुक करने के बाद वे अपने दोस्त से CAA और NRC के बारे में बात करने लगे। बप्पादित्य इस कानून के खिलाफ बात कर रहे थे। कैब चलाने वाला ड्राइवर CAA और NRC को समर्थन करने वाला व्यक्ति था। वह, बप्पादित्य की बातें सुनता रहा और कुछ देर बाद उन्हें पुलिस थाने ले गया। पुलिस को उसने बताया कि ये देशविरोधी बातें कर रहा था, देश को जलाने की बातें कर रहा था। पुलिस द्वारा पूछताछ की जाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।

अनोखी बात ये है कि कैब ड्राइवर रोहित गौर को उनके इस कारनामे पर मुंबई भाजपा के नेताओं द्वारा अलर्ट सिटिजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया साथ ही माला भी पहनाई गई। भाजपा के विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि जयपुर का वह यात्री राष्ट्रविरोधी षड़यंत्र रच रहा था जिस पर कैब ड्राइवर रोहित गौर द्वारा उसे सांताक्रूज पुलिस थाने ले जाया गया, इसलिए उन्हें अलर्ट सिटिजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

उबर ने ड्राइवर रोहित पर रोक लगा दी है और यात्री बप्पादित्य को हुई असुविधा पर उन्हें पैसे वापस कर दिए जाने की बात कही है। आपको बता दें कि बप्पादित्य, मुंबई के प्रसिद्ध कालाघोड़ा महोत्सव में होने वाले कवि सम्मेलन में जा रहे थे।