सरकार ने कहा है कि कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 87.36 प्रतिशत तक हो गयी है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान 81,000 से अधिक कोविड मरीज़ स्वस्थ हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अब तक 63,83,000 से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। स्वस्थ होने वालों की निरंतर बढ़ रही संख्या सुनिश्चित करती है कि देश में संक्रमित होने वालों की संख्या कम हो रही है और इस समय देश में संक्रमण के केवल 11.12 प्रतिशत मामले हैं।
कुल 8,12,000 लोग संक्रमित हैं। भारत में मृत्युदर 1.2 प्रतिशत है, जो विश्व में सबसे कम दरों में से एक है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान 67,735 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 73 लाख से अधिक हो गई है।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रभावकारी रणनीति और जांच, पहचान तथा उपचार से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ी है और मृत्युदर कम हुई है। इस दौरान 660 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 1,11,266 हो गयी है।