देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 96.49 प्रतिशत हुई | Nation One
भारत में कोविड-19 महामारी से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 96.49 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में 18 हजार से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं, जिससे महामारी का प्रकोप फैलने के बाद से अब तक स्वस्थ हुए लोगों की कुल संख्या 1 करोड़ 1 लाख से अधिक हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत दुनिया के उन चंद देशों में शामिल है जिनकी कोविड महामारी से ठीक होने की दर दुनिया में सबसे अधिक रही है। इस समय देश में संक्रमित लोगों की संख्या कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि वालों की कुल संख्या का सिर्फ 2.07 प्रतिशत है। देश में महामारी से पीडि़त रोगियों की कुल संख्या 2 लाख 16 हजार है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 12 हजार 584 नये मामले दर्ज किये गये, जिससे देश में महामारी का प्रकोप फैलने के बाद से अब तक इसकी चपेट में आये लोगों की कुल संख्या 1 करोड़ 4 लाख से अधिक हो गई है।
मंत्रालय ने कहा है कि इस समय कोविड-19 से होने वाली मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत है जो दुनिया में सबसे कम दरों में से एक है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कोविड-19 से 167 मौत हुई हैं, जिससे अब तक मौत का शिकार हुए लोगों की संख्या एक लाख 51 हजार 327 हो गई है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- आई.सी.एम.आर. के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोविड महामारी के आठ लाख 97 हजार से अधिक परीक्षण किये गये। देशभर में अब तक महामारी के 18 करोड़ 26 लाख से अधिक कुल परीक्षण किये जा चुके हैं।