रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज सुबह यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा की। बता दें कि युद्ध की आशंका से पहले ही दुनियाभर के बाजार में हड़कंप मच गया और सबसे ज्यादा असर शेयर बाजार मे देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 2,080 अंक से ज्यादा टूट गया। जबकि निफ्टी 546 अंक से ज्यादा टूटा।
बाजार में चौतरफा भूचाल मच गया है। सेंसेक्स 30 के सभी 30 शेयरों में गिरावट है। वहीं निफ्टी 50 के सभी 50 शेयर भी लाल निशान में हैं। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप एक झटके में 9 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा कम हो गया है।
वहीं रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की वजह से एशियाई बाजारों पर दबाव है। एसजीएक्स निफ्टी में 300 अंक की गिरावट आई है।
बताया जा रहा है कि डाओ फ्यूचर्स भी 180 नीचे है। अमेरिका में बुधवार को डाउ जोंस 465 अंक गिरकर साल के निचले स्तर पर बंद हुआ था। आज के कारोबार में एनएसई पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट देखने को मिल रही है। Nifty PSU Bank Index में सबसे ज्यादा 4.30 फीसदी की गिरावट आई है।
इसके अलावा निफ्टी बैंक इंडेक्स, निफ्टी ऑटो इंडेक्स, निफ्टी आईटी इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं। कच्चे तेल की कीमतें गुरुवार को 100 डॉलर प्रति बैरल के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। 8 साल में पहली बार ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है।