Nikki Murder Case : देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सामने आए निक्की यादव हत्याकांड में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, निक्की यादव हत्याकांड में आरोपी साहिल गहलोत का परिवार भी शामिल था।
साहिल गहलोत से पूछताछ के बाद उसके पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में लगातार सबूत जुटाने में लगी हुई है। इसकी कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Nikki Murder Case : 2020 में शादी कर चुके थे साहिल और निक्की
इस मामले में पुलिस ने साहिल गहलोत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साहिल और निक्की यादव ने अक्टूबर 2020 में नोएडा के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।
साहिल का परिवार इस शादी के खिलाफ था। परिवार ने दिसंबर 2022 में साहिल की शादी दूसरी जगह तय कर दी और लड़की के परिवार से यह बात छुपाई कि साहिल ने निक्की से पहले ही शादी कर ली है। पुलिस ने निक्की और साहिल की मैरिज का सर्टिफिकेट भी बरामद कर लिया है।
Nikki Murder Case : साहिल के पिता और दोस्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि निक्की की हत्या का षड्यंत्र रचने में उसके दोस्त और परिवार भी शामिल था। क्राइम ब्रांच ने साहिल के पिता वीरेंद्र सिंह, भाई अशीष और नवीन, दोस्त लोकेश और अमर को गिरफ्तार किया है। निक्की के शव को फ्रिज में छुपाने में उसके चचेरे भाई और उसके दोस्त ने मदद की थी।
साहिल गहलोत ने पूछताछ के दौरान बताया कि 9 फरवरी की रात निक्की उसके साथ थी। जिसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद अपने दोस्त के ढाबे के फ्रीज में शव को छिपा दिया। इसके बाद 10 फरवरी को अपने परिवार वालों की मर्जी से दूसरी शादी भी कर ली।